राजस्थान के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जगह हालात बिगड़े; कई स्कूल बंद, फसलों को नुकसान

by

Bhupendra Singh Chundawat

Heavy Rainfall

जयपुर, 01 सितंबर (Kiran News)। राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गंभीर हालात को देखते हुए जोधपुर, झुंझुनूं और टोंक जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित करनी पड़ी है।

Heavy Rainfall

बारिश का सबसे ज्यादा असर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में देखने को मिल रहा है। जयपुर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सवाई माधोपुर और दौसा में रविवार को दिनभर तेज बारिश हुई, वहीं झालावाड़, जालोर, करौली, सीकर और अलवर में पांच इंच तक पानी बरस गया। हनुमानगढ़ में बाढ़ की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। यहां एक मकान और किले की दीवार ढह गई, जबकि सड़क पर चल रहा एक ई-रिक्शा गड्ढे में समा गया।

सीकर में हालात इतने बिगड़ गए कि सड़कों पर डेढ़ फीट तक पानी भर गया। सवाई माधोपुर में घर पर बिजली गिरने से टीवी फट गया, जिससे एक बच्ची की मौत हो गई और सात लोग झुलस गए। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा क्षेत्र में भी बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई। सिरोही में नदी में नहाने गए पांच युवकों में से चार को बचा लिया गया, लेकिन एक युवक बह गया। दौसा जिले के लालसोट कस्बे में स्टंट कर रहा युवक बह गया, हालांकि कुछ देर बाद सुरक्षित बाहर आ गया। सिकंदरा क्षेत्र में बिजली गिरने से एक महिला और बच्ची घायल हो गईं।

जोधपुर के तिंवरी इलाके में रविवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे स्कूल बंद करने पड़े। निचली बस्तियों में पानी भर गया और कई कॉलोनियों के घरों में भी पानी घुस गया। अजमेर में भी रविवार रात और सोमवार सुबह तेज और रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। शहर की सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया। बारिश का असर खेती पर भी पड़ा है; मूंगफली, कपास और मिर्च जैसी खरीफ फसलें जलभराव और अतिवृष्टि से खराब होने लगी हैं।

पिछले 24 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। झालावाड़ के रायपुर में 140 मिमी, गंगाधर में 115 मिमी, डग में 63 मिमी, करौली के टोडाभीम में 101 मिमी और करौली शहर में 72 मिमी पानी गिरा। झुंझुनूं के पिलानी में 49, सीकर के पाटन में 95, अलवर के थानागाजी में 85 और जालोर में 126 मिमी बारिश दर्ज हुई। जैसलमेर के मोहनगढ़, बीकानेर के लूणकरणसर, बारां, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और बूंदी में भी तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सितंबर का पहला सप्ताह भी भारी बारिश वाला रह सकता है। विशेष रूप से पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं, सीकर और जयपुर में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Comment