
रायपुर, 1 जनवरी। नए साल के अवसर पर छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वर्ष 2026 की शुरुआत राज्य के पर्यटन इतिहास में महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगी। आज भोरमदेव में लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ‘भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना’ का भूमिपूजन किया जाएगा।
यह परियोजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत है और इसे छत्तीसगढ़ की अब तक की सबसे बड़ी केंद्रीय पर्यटन परियोजना माना जा रहा है।
भूमिपूजन समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत छत्तीसगढ़ में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्य संपन्न होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद संतोष पाण्डेय, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की अध्यक्ष नीलू शर्मा सहित कई विधायक, निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
भोरमदेव मंदिर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक महत्व के लिए देश-विदेश में विख्यात है। यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि इतिहास और कला प्रेमियों के लिए भी अनमोल धरोहर है। हाल ही में मंदिर का केमिकल संरक्षण कार्य पूरा हुआ है, जिससे इसकी दीर्घकालीन सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। अब इस कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से इसे आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
परियोजना के तहत मुख्य मंदिर परिसर, तालाब क्षेत्र, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुआ मंदिर, शिव प्लाजा, मेला ग्राउंड और सरोधा डैम जैसे प्रमुख स्थलों का समग्र विकास किया जाएगा। इसमें भव्य प्रवेश द्वार, सुंदर प्लाजा, संग्रहालय, मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, पार्क, ब्रिज, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस कॉरिडोर के बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह परियोजना न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को भी गति प्रदान करेगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
–
पीआईएम/एएस
My name is Bhupendra Singh Chundawat. I am an experienced content writer with several years of expertise in the field. Currently, I contribute to Daily Kiran, creating engaging and informative content across a variety of categories including technology, health, travel, education, and automobiles. My goal is to deliver accurate, insightful, and captivating information through my words to help readers stay informed and empowered.




Leave a Comment