Skip to content
Monday, 2 November 2026
BREAKING
SPORTS

मौलाना रजवी ने बीसीसीआई के मुस्तफिजुर रहमान समझौते रद्द करने को सराहा

बरेली, 3 जनवरी। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के हालिया फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने शाहरुख खान और बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान के बीच क्रिकेट से जुड़े समझौते को रद्द करना बीसीसीआई का एक सराहनीय कदम बताया।

मौलाना रजवी ने कहा कि बीसीसीआई ने यह निर्णय देश के बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक दोनों समुदायों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने बीसीसीआई के इस फैसले का खुले दिल से स्वागत किया और कहा कि यह एक ऐसा कदम है जो यह स्पष्ट करता है कि देश की जनता की भावनाएं सर्वोपरि हैं और उनसे समझौता नहीं किया जा सकता।

इस अवसर पर मौलाना ने अभिनेता शाहरुख खान के समर्थन में भी बयान दिया। शाहरुख खान को ‘गद्दार’ कहे जाने का कड़ा विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि शाहरुख खान देश के गद्दार नहीं हैं, बल्कि एक वफादार नागरिक हैं। शाहरुख खान न केवल भारत की एक मशहूर शख्सियत हैं, बल्कि उन्होंने अपने काम और व्यवहार से देश का नाम विश्व स्तर पर चमकाया है।

मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे जुल्म और अत्याचारों से भारत का मुस्लिम समाज भी चिंतित है। भारत के मुसलमान इंसानियत के पक्ष में हैं और हर तरह के अत्याचार के खिलाफ हैं, चाहे वह किसी भी धर्म या समुदाय के लोगों पर हो। मौलाना ने भारत सरकार से आग्रह किया कि वह बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए।

जानकारी के अनुसार, बीसीसीआई के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 के लिए चुनी गई अपनी टीम से रिलीज कर दिया है।

केकेआर की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “फ्रेंचाइजी स्पष्ट करती है कि बीसीसीआई ने आईपीएल के रेगुलेटर के तौर पर उसे आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह रिलीज सही प्रक्रिया और सलाह के बाद की गई है। बीसीसीआई आईपीएल के नियमों के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की अनुमति देगा। आगे की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।”