दीप्ति शर्मा टॉप पर, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने टी20 रैंकिंग में बढ़त बनाई

by

Ganpat Singh Chouhan

Dubai, 30 दिसंबर। आईसीसी ने महिला टी20 क्रिकेट की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा गेंदबाजों की सूची में शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, भारतीय बल्लेबाज शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने अपनी रैंकिंग में शानदार उछाल लगाया है।

महिला टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति शर्मा ने लगातार अपनी मजबूती बनाए रखी है। भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने आठ स्थान की वृद्धि करते हुए टॉप 10 में प्रवेश किया है और अब वे सातवें स्थान पर हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड, तीसरे पर पाकिस्तान की सादिया इकबाल, चौथे पर इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन, पांचवें पर इंग्लैंड की लॉरेन बेल, छठे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका की एन मल्बा हैं। आठवें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉरहेम हैं जिन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। इंग्लैंड की चार्ली डेन और वेस्टइंडीज की एफी फ्लेचर क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर हैं, दोनों को एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है।

महिला बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी पहले स्थान पर हैं। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज, तीसरे पर भारत की स्मृति मंधाना, चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की ताहिला मैकग्राथ और पांचवें स्थान पर दक्षिण अफ्रीका की लौरा वौल्वार्ड्ट हैं।

श्रीलंका के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में शानदार खेल दिखाने वाली भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने चार स्थान की छलांग लगाकर छठे स्थान पर कब्जा किया है। श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू सातवें, दक्षिण अफ्रीका की तंजिम ब्रिट्स आठवें, न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स नौवें और भारत की जेमिमा रोड्रिग्स दसवें स्थान पर हैं। सातवें से दसवें स्थान तक के खिलाड़ियों को एक-एक स्थान की गिरावट का सामना करना पड़ा है।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इस रैंकिंग में पंद्रहवें स्थान पर हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी सात स्थान की बड़ी छलांग लगाते हुए इक्कीसवें स्थान पर पहुंच गई हैं।

(Daily Kiran)

My name is Ganpat Singh Choughan. I am an experienced content writer with 7 years of expertise in the field. Currently, I contribute to Daily Kiran, creating engaging and informative content across a variety of categories including technology, health, travel, education, and automobiles. My goal is to deliver accurate, insightful, and captivating information through my words to help readers stay informed and empowered.

Leave a Comment

BREAKING NEWS: